
खबर अभी अभी
कुनिहार,
बीएल सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, कुनिहार ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेशभर में अपनी पहचान बनाई है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शिमला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में विद्यालय को हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद द्वारा संचालित ग्रीन स्कूल कार्यक्रम के तहत एयर मैनेजर (वायु प्रबंधन) श्रेणी में सम्मानित किया गया।
समारोह में विद्यालय की इको क्लब प्रभारी दिनाक्षी ठाकुर तथा छात्रा सुमृता ठाकुर को पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सम्मानित किया। इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
विद्यालय द्वारा वर्षभर वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक मुक्त परिसर, जैव विविधता संरक्षण तथा वायु गुणवत्ता सुधार संबंधी गतिविधियां संचालित की गईं। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए हरित वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
राज्य स्तरीय समारोह में जिला सोलन प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय के विज्ञान पर्यवेक्षक अमरीश शर्मा भी मौजूद रहे। विद्यालय परिवार ने इसे अपने निरंतर प्रयासों और पर्यावरण के प्रति समर्पण का परिणाम बताया।
विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने इस उपलब्धि पर इको क्लब प्रभारी दिनाक्षी ठाकुर, छात्रा सुमृता ठाकुर तथा इको क्लब के सभी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान विद्यालय के लिए गर्व का विषय है और भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।
पीटीए अध्यक्ष रतन तंवर, विद्यालय के अध्यापकों, अभिभावकों और सदस्यों ने भी विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।





