शिमला ग्रीष्मोत्सव के प्रथम दिन गेयटी थिएटर में 50 कवियों ने स्थापित किया साहित्यिक वातावरण

खबर अभी अभी
हिमाचल ,
अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव – 2026 के प्रथम दिन गेयटी थिएटर में हिंदी कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया जिसमें प्रदेश के लगभग 50 नामित कविजनों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कर साहित्यिक वातावरण स्थापित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा ने प्रदेश भर से आये कविजनों का पारंपरिक ढंग से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पहली बार अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव में 08 से 10 जून तक कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है जो प्रदेश के साहित्यकारों के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उपस्थित सभी कवियों को कार्यक्रम की शुभकामनाएं दीं और प्रदेश के साहित्य को इसी प्रकार से बढ़ावा देने का आग्रह भी किया।

08 से 10 जून तक आयोजित किए जा रहे कवि सम्मेलन में हिंदी व पहाड़ी कवि सम्मेलन तथा मुशायरा का आयोजन किया जा रहा है जिसके तहत आज हिंदी कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन एस.आर हरनोट व मंच संचालन डॉ. सत्यनारायण स्नेही द्वारा किया गया।

आयोजित हिंदी कवि सम्मेलन का प्रथम सत्र प्रातः 10 बजे से आरम्भ किया गया जिसमें अध्यक्षीय मंडल में डॉ. ओम प्रकाश सारस्वत, डॉ. रेखा वशिष्ठ व प्रोफेसर मीनाक्षी एफ पॉल उपस्थित रहीं। हिंदी कवि सम्मेलन का दूसरा सत्र दोपहर 02 बजे आयोजित किया गया जिसमें के.आर भारती, डॉ. भवानी सिंह, आत्मा रंजन व डॉ. दिनेश कंवर बतौर अध्यक्षीय मंडल उपस्थित रहे। द्वितीय सत्र का संचालन डॉ. दिनेश शर्मा द्वारा किया गया।

इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न कवियों ने अपनी रचनाओं का व्याख्यान किया और साहित्यक जगत की उपलब्धियों बारे विस्तृत जानकारी प्रदान की।

Share the news