सुजानपुर में 11 वर्षीय छात्र का शव फंदे से लटका मिला, मौके से सुसाइड नोट बरामद

खबर अभी अभी
हमीरपुर जिले के सुजानपुर थाना क्षेत्र के पटलांदर गांव में 11 वर्षीय छात्र का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना का पता मंगलवार सुबह उस समय चला, जब माता-पिता की नजर अपने बेटे पर पड़ी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक डीएवी आलमपुर का छात्र बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सोमवार रात वह अपने माता-पिता के साथ कमरे में पढ़ाई कर रहा था, लेकिन मंगलवार सुबह उसका शव फंदे से लटका मिला।

पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक नोट में एक शिक्षण संस्थान का जिक्र किया गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी।

बताया गया है कि परिवार मूल रूप से जिला कांगड़ा के भलूंदर क्षेत्र का रहने वाला है और पिछले करीब छह वर्षों से पटलांदर में किराये के मकान में रह रहा है। मृतक के पिता सेल्समैन हैं, जबकि माता सिलाई का कार्य करती हैं।

शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में कराया जा रहा है। मामले की पुष्टि करते हुए Balveer Singh ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा।

Share the news