
खबर अभी अभी | केलांग, 20 नवंबर।

भारत निर्वाचन आयोग के व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) के तहत शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय लाहौल एवं स्पीति, केलांग के सम्मेलन कक्ष में क्विज एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का संयुक्त प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। विधानसभा क्षेत्र एवं जिला स्तरीय इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) की ओर से आयोजित इस समारोह की अध्यक्षता निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी (नागरिक) केलांग कुनिका एकर्स ने की।
इस अवसर पर क्विज और निबंध लेखन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को योग्यता प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन और विद्यार्थियों में मतदाता जागरूकता बढ़ाने में सराहनीय योगदान के लिए विभिन्न शिक्षण संस्थानों के ELC नोडल अधिकारियों को पारंपरिक खतक भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए एसडीएम कुनिका एकर्स ने युवा एवं भावी मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना और प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान प्रक्रिया में जागरूकता के साथ भाग लेना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने और अपने आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
क्विज प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थी
क्विज प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय कुकुमसेरी के कार्तिक, डाइट केलांग स्थित तांदी की हिमानी, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय केलांग की तमन्ना खान, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थिरोट के सक्षम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शकोली के दीपक तथा राजकीय उच्च पाठशाला किशोरी की अंजली कश्यप को सम्मानित किया गया।
निबंध लेखन प्रतियोगिता के मेधावी विद्यार्थी
निबंध लेखन प्रतियोगिता में डाइट केलांग स्थित तांदी की शीतल ठाकुर एवं रचना कुमारी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शकोली की गीतांजलि, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला केलांग के मंकु, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय केलांग की दिव्यांशी तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थिरोट की दीया को योग्यता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
समारोह में तहसीलदार नरेंद्र कटोच, जिला ELC नोडल अधिकारी एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोंधला के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार, निर्वाचन कानूनगो रजत बुशैहरी सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के ELC नोडल अधिकारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।





