हिमाचल: एनसीईआरटी ने 11वीं-12वीं के विद्यार्थियों के लिए शुरू किए 28 ऑनलाइन कोर्स

खबर अभी अभी
शिमला:
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) ने 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए स्वयं (SWAYAM) मंच पर 28 ऑनलाइन पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। इन पाठ्यक्रमों का संचालन 15 सितंबर 2026 तक किया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में सभी उप शिक्षा निदेशकों और विद्यालयों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को इन पाठ्यक्रमों की जानकारी देकर अधिक से अधिक नामांकन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

शिक्षा निदेशालय के अनुसार, इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, सुलभ और समृद्ध बनाना है। डिजिटल माध्यम से छात्र नियमित पढ़ाई के साथ विषयों की गहरी समझ विकसित कर सकेंगे, जिससे बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी और आत्म-अध्ययन की क्षमता मजबूत होगी।

इन ऑनलाइन कोर्सों में अकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज, बायोलॉजी, केमिस्ट्री, इकोनॉमिक्स, ज्योग्राफी, गणित, भौतिक विज्ञान, मनोविज्ञान, अंग्रेजी और समाजशास्त्र सहित 11 प्रमुख विषय शामिल हैं। पाठ्यक्रमों में वीडियो लेक्चर, अध्ययन सामग्री, मूल्यांकन और अन्य शिक्षण संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।

मानसून को लेकर स्कूलों को अलर्ट

स्कूल शिक्षा निदेशालय ने मानसून सत्र 2026 के मद्देनजर सभी स्कूलों को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। बाढ़ और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के विद्यालयों में विशेष सतर्कता बरतने, भवनों, छतों, चारदीवारी और जल निकासी व्यवस्था का नियमित निरीक्षण करने तथा आपदा प्रबंधन अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया है।

Share the news