हिमाचल कांग्रेस: कुलदीप राठौर बोले- विधानसभा के चुनाव जीतकर कांग्रेस की सत्ता वापसी करवाना लक्ष्य

विशेष बातचीत में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि जिन नेताओं को फर्श से अर्श पर लाए, वे संगठनात्मक मजबूती के बदले निजी स्वार्थ साधने में लगे हैं। राठौर ने कहा कि पद संभालने के बाद उन्होंने अनावश्यक दिल्ली के दौरे नहीं किए। जयराम सरकार की नीतियों के विरोध में सड़कों पर उतरे।
संगठन में बदलाव की मुहिम के बीच दिल्ली गए कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री लौट आए हैं। वहीं, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने बिना नाम लिए कहा कि कुछ नेता तीन साल से कह रहे हैं कि मैं हट रहा, पर हाईकमान को मुझ पर भरोसा है। मंगलवार को विशेष बातचीत में राठौर ने कहा कि जिन नेताओं को फर्श से अर्श पर लाए, वे संगठनात्मक मजबूती के बदले निजी स्वार्थ साधने में लगे हैं। राठौर ने कहा कि पद संभालने के बाद उन्होंने अनावश्यक दिल्ली के दौरे नहीं किए। जयराम सरकार की नीतियों के विरोध में सड़कों पर उतरे। डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हुए हैं।
इतने मामले किसी अन्य बड़े नेता पर दर्ज नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में चारों सीटों पर अच्छे नतीजे लाकर दिखाए हैं। अब प्रदेश विधानसभा के चुनाव जीतकर कांग्रेस की सत्ता वापसी कराना लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि पार्टी का दिया दायित्व वह पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जो काम दिया है, उसी पर ध्यान केंद्रित किया गया है। उन्हें मुख्यमंत्री बनने की इच्छा नहीं है। अब शिमला नगर निगम चुनाव के साथ ही प्रदेश विधानसभा चुनाव की चुनौती है। उन्होंने कहा कि अधिक मजबूती के साथ दोनों चुनाव लड़कर कांग्रेस को विजयी बनाना है।

Share the news