
खबर अभी अभी
शिमला: वहिमाचल प्रदेश में मानसून का दौर लगातार जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के शिमला केंद्र ने प्रदेश के कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 12 जुलाई तक राज्यभर में मानसून सक्रिय रहेगा और कई स्थानों पर भारी बारिश, आंधी, बिजली गिरने तथा तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने मंगलवार को कांगड़ा, मंडी, शिमला और सोलन जिलों के कुछ क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं बिलासपुर और सिरमौर जिलों में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
पूर्वानुमान के अनुसार 8 से 10 जुलाई तक मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर, चंबा और कांगड़ा में भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी। वहीं 12 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है।
बारिश के साथ-साथ प्रदेश के कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 10 सेंटीमीटर वर्षा मंडी के जोगिंद्रनगर में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कांगड़ा एयरो में 7 सेमी, मंडी के सैंडहोल में 5 सेमी, ऊना के बंगाणा में 4 सेमी तथा पालमपुर, भरवाईं, सलूणी, सराहन, रोहड़ू और धर्मशाला में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, निचले इलाकों में जलभराव, सड़कें फिसलन भरी होने और यातायात बाधित होने की आशंका है। लोगों को नदी-नालों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने की सलाह दी गई है।





