एचआरटीसी के बेड़े में जल्द शामिल होंगी 150 नई डीजल बसें : मुकेश अग्निहोत्री

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

21 मार्च 2023

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि एचआरटीसी के बेड़े में जल्द 150 नई डीजल बसें शामिल होंगी। प्रश्नकाल के दौरान पूर्व सरकार के समय हुए 350 डीजल बसों की खरीद टेंडर पर उपमुख्यमंत्री ने स्थिति स्पष्ट करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निगम की 1200 बसें जीरो बुक वैल्यू या 15 वर्ष पूरे कर चुकी हैं। परिवहन निगम 1,350 करोड़ के घाटे में है। कोरोना संकट के दौरान कई बसें खड़ी रही थीं। अब रूट बहाल किए जा रहे हैं।

कांग्रेस विधायक नीरज नैय्यर के सवाल पर मुकेश ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान लॉकडाउन समाप्त होने के बाद चंबा में 160 रूटों पर बस सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। जिले में अभी भी 14 रूटों पर बसों का परिचालन अस्थायी तौर पर संसाधनों की कमी के कारण बंद है। जल्द ये रूट बहाल किए जाएंगे। 10 नई बसें चंबा को जल्द दी जाएंगी।

कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा और संजय रत्न ने रविवार को प्रदेश के अधिकांश रूटों पर बस सेवा प्रभावित रहने का मामला उठाया। विधायकों ने कहा कि रविवार को बसें नहीं मिलने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जो रूट चलाए जा सकते होंगे, उन्हें चलाएंगे। भाजपा विधायक बलवीर वर्मा के सवाल पर मुकेश ने कहा कि चौपाल में जल्द क्षेत्रीय प्रबंधक का पद भर दिया जाएगा। इसके बाद शेष रिक्त पद भरे जाएंगे। उन्होंने वर्मा पर चुटकी लेते हुए कहा कि विधायक हर सरकार में अपने काम निकलवा लेते हैं। विधायक राकेश जंबाल के सवाल का जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के तहत ध्वाल पंचायत के ऐहन गांव के लिए सड़क अभी खराब है। सोमवार सुबह ही मौके से यह जानकारी मिली है। बजट सत्र के बाद साथ चलकर बस को चला दिया जाएगा।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news