
1 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | आंब

आंब। उपमंडल आंब के तहत ग्राम पंचायत कटौड़ कलां में अलग-अलग स्थानों पर लगाए गए रेत के डंप को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत क्षेत्र में निर्माण कार्यों के लिए रेत के डंप लगाए गए हैं और इसकी कोटेशन में रेत की कीमत करीब 2,000 रुपये दर्शाई गई है। मामले को लेकर पंचायत स्तर पर अब जांच की बात कही गई है।
ग्रामीणों द्वारा उठाए गए सवालों पर पंचायत प्रधान नरेंद्र कुमार गोल्डी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि पंचायत बनने के बाद से अब तक पंचायत में एक भी कंक्रीट वर्क नहीं हुआ है। ऐसे में पंचायत क्षेत्र में लगाए गए रेत के डंप को लेकर उन्हें पूरी जानकारी नहीं है।
प्रधान नरेंद्र कुमार गोल्डी ने कहा कि रेत का डंप किसने, कब और किस तरह लगाया है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है और अब पूरे प्रकरण की गहनता से जांच करवाई जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि पंचायत क्षेत्र में अवैध माइनिंग से संबंधित कोई रेत का डंप पाया जाता है तो पंचायत स्तर पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मामले की जानकारी माइनिंग विभाग को भी दी जाएगी और आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र लिखा जाएगा।
प्रधान ने बताया कि पंचायत क्षेत्र के कुछ स्थानों पर पंचायत से जुड़े लोगों द्वारा रेत के डंप लगाए जाने की जानकारी उन्हें है। हालांकि, जिस बड़े रेत के डंप को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, उसके संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि संबंधित रेत का डंप किसने, कब और किस उद्देश्य से लगाया था। पंचायत प्रशासन मामले के सभी पहलुओं की जांच करेगा।
प्रधान नरेंद्र कुमार गोल्डी ने कहा कि यदि जांच के दौरान किसी प्रकार के नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





