
खबर अभी अभी
कुल्लू:
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के पर्यटन स्थल कसोल में एक दर्दनाक हादसे में पंजाब के 21 वर्षीय पर्यटक की जलधारा में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अंशतेज के रूप में हुई है, जो अपने दोस्तों के साथ पार्वती घाटी घूमने आया था।
जानकारी के अनुसार, जैनला क्षेत्र में नहाने के दौरान अंशतेज तेज बहाव की चपेट में आकर गहरे पानी में चला गया। दोस्तों ने तुरंत स्थानीय लोगों और प्रशासन को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से युवक को जलधारा से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से मानसून के दौरान नदियों, नालों और जलधाराओं के पास न जाने तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।





