
खबर अभी अभी
उपतहसील नित्थर में जनगणना 2027 के प्रथम चरण की शुरुआत हो गई है। जनगणना अधिकारी और प्रगणक क्षेत्र में घर-घर जाकर आंकड़े एकत्र करेंगे। उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नायब तहसीलदार कार्यालय ने आम जनता के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं।
निर्देशों के अनुसार, जनगणना कार्य के दौरान सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक घरों में पालतू कुत्तों को सुरक्षित रूप से बांधकर रखने या घर के अंदर रखने की व्यवस्था करनी होगी। जैसे ही कोई जनगणना अधिकारी या प्रगणक घर पहुंचे, कुत्ते को तुरंत नियंत्रित करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, यदि किसी क्षेत्र में हिंसक या आक्रामक आवारा कुत्ते की मौजूदगी हो तो इसकी सूचना स्थानीय पंचायत कार्यालय को देने के लिए कहा गया है।
प्रशासन ने लोगों से प्रगणकों को घरों और परिसरों में सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने तथा जनगणना कार्य में पूरा सहयोग देने की अपील की है। नायब तहसीलदार कार्यालय ने चेतावनी दी है कि निर्देशों का पालन न करने या सरकारी कर्मचारियों के कार्य में बाधा डालने पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि जनगणना 2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है और इसके सफल संचालन के लिए आम जनता का सहयोग बेहद आवश्यक है।





