नगर परिषद सुंदरनगर चुनाव की तैयारियां तेज, 28 अप्रैल को होगी पहली रिहर्सल

सुंदरनगर,
नगर परिषद सुंदरनगर के आगामी चुनावों के सुचारू, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी की अध्यक्षता में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी नोडल अधिकारियों को उनके दायित्वों की विस्तृत जानकारी देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने कार्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से करें तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।
निर्वाचन अधिकारी ने आदर्श आचार संहिता के कड़ाई से अनुपालन, स्ट्रॉन्ग रूम एवं मतगणना केंद्र की समयबद्ध तैयारियों पर विशेष जोर दिया। ईवीएम मशीनों के सुरक्षित परिवहन हेतु केवल सरकारी वाहनों के उपयोग और पुलिस निगरानी में सभी कार्य संपन्न करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने जानकारी दी कि राज्य चुनाव आयोग के अनुसार 17 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा तथा उसी दिन मतगणना भी की जाएगी। इसके अलावा, 28 अप्रैल को बहुतकनीकी संस्थान सुंदरनगर में पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों की पहली चुनावी रिहर्सल आयोजित की जाएगी।
बैठक में नायब तहसीलदार निर्वाचन सुनील कुमार ने नामांकन से लेकर मतगणना तक की पूरी प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी साझा की।

*शिकायत कक्ष एवं कंट्रोल रूम स्थापित*
निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि नगर परिषद सुंदरनगर में निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसडीएम कार्यालय सुंदरनगर में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष नंबर 01907-266001 है, जिस पर चुनाव प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
इसके अतिरिक्त आदर्श आचार संहिता से संबंधित शिकायतों के निवारण हेतु एक शिकायत कक्ष भी स्थापित किया गया है। इस कक्ष में दूरभाष नंबर 01907-266431 पर शिकायतें दर्ज करवाई जा सकती हैं।

Share the news