पंचायती राज लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी, बिना भेदभाव करें जनसेवा : प्रो. चन्द्र कुमार 242 पंचायतों के प्रधान-उपप्रधानों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

खबर अभी अभी ,
कुल्लू,
कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार चौधरी ने सोमवार को कुल्लू जिला के छह विकास खंडों की 242 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों एवं उपप्रधानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कुल्लू के अटल सदन सभागार में आयोजित यह शपथ ग्रहण समारोह लोकतांत्रिक मूल्यों और पंचायती राज व्यवस्था के प्रति जनप्रतिनिधियों की प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक बना।
समारोह में कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, बंजार के विधायक सुरिंदर शौरी, आनी के विधायक लोकिन्दर कुमार तथा एपीएमसी के अध्यक्ष राम सिंह मियां विशेष रूप से उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और गणमान्य लोगों की मौजूदगी में नवनिर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों ने अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने सभी नवनिर्वाचित प्रधानों एवं उपप्रधानों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायती राज व्यवस्था भारतीय लोकतंत्र की सबसे मजबूत और प्रभावी कड़ी है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतें विकास की आधारशिला हैं और गांवों के समग्र विकास में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव किसी राजनीतिक दल के चुनाव चिन्ह पर नहीं लड़े जाते, जो लोकतंत्र की सबसे बड़ी खूबसूरती है। इससे निर्वाचित प्रतिनिधियों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर केवल जनहित में कार्य करने का अवसर मिलता है।
मंत्री ने कहा कि 73वें संविधान संशोधन के माध्यम से पंचायतों को संवैधानिक दर्जा प्रदान किया गया और उन्हें प्रशासनिक तथा वित्तीय शक्तियों से सशक्त बनाया गया। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक पहल का श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच को जाता है, जिनके प्रयासों से स्थानीय स्वशासन को मजबूती मिली और गांवों तक विकास की योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
उन्होंने कहा कि पंचायतों को पर्याप्त अधिकार इसलिए दिए गए हैं ताकि स्थानीय स्तर पर मूलभूत सुविधाओं का विकास हो और आम लोगों की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने सभी प्रधानों और उपप्रधानों से आग्रह किया कि वे बिना किसी गुण-दोष, भेदभाव या पक्षपात के प्रत्येक नागरिक के हित में कार्य करें और जनसेवा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाएं।
प्रो. चन्द्र कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में पंचायतों में बड़ी संख्या में शिक्षित और जागरूक युवा प्रतिनिधि चुनकर आए हैं। ऐसे में आवश्यक है कि वे अपनी शक्तियों, अधिकारों और जिम्मेदारियों को भली-भांति समझें तथा पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ पंचायतों का संचालन करें। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए विश्वास और सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ना ही एक सफल जनप्रतिनिधि की पहचान है।
उन्होंने सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों का आह्वान किया कि आगामी पांच वर्षों तक वे अपनी पंचायतों की निस्वार्थ भाव से सेवा करें और गांवों को विकास, स्वच्छता, पारदर्शिता तथा जनकल्याण के आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित करने का प्रयास करें।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सेस राम आजाद, उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा, पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल, ब्लॉक कांग्रेस कुल्लू के अध्यक्ष गोपाल सिंह, आनी ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद शर्मा, बंजार ब्लॉक अध्यक्ष मोहर सिंह, राज्य उपाध्यक्ष परस राम, ग्रामीण विकास बैंक के निदेशक किशन ठाकुर, केशव कुलवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Share the news