
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
26 अगस्त 2023

भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाइन के तीसरे चरण का काम सितंबर से शुरू हो जाएगा। तीसरे चरण में बिलासपुर के मंडी-भराड़ी से बामटा तक छह किलोमीटर लंबे ट्रैक का निर्माण किया जाएगा। पटरी बिछाने के लिए एचजी इंफ्रा कंपनी तीन किलोमीटर लंबे दो वायडक्ट बनाएगी। कंपनी बामटा में अपना कंक्रीट मिक्सचर प्लांट भी लगा रही है, जबकि मशीनरी आदि भी साइट पर पहुंच गई है। मंडी-भराड़ी से बध्यात तक छह किलोमीटर लंबी पटरी बिछाने के लिए आठ पुलों और दो वायडक्ट बनाए जाने हैं।
पहले और दूसरे चरण का काम भी जारी सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेल लाइन के पहले और दूसरे चरण का कार्य भी युद्ध स्तर पर जारी है। पहले चरण के तहत उपमंडल नयनादेवी जी धरोट तक 20 किलोमीटर का ट्रैक बिछाया जाएगा।
इसके आगे मंडी-भराड़ी तक दूसरे चरण का काम किया जा रहा है। पहले और दूसरे चरण में कुल 16 सुरंग बनाई जा रही हैं। भानुपल्ली से बैरी तक कुल 63.1 किलोमीटर लंबी रेल लाइन बनाई जाएगी। बिलासपुर तक इस परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य मार्च 2025 रखा गया है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





