राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक कार्ययोजना के तहत तहसील कल्याण अधिकारी, कुल्लू द्वारा अंतरपीढ़ी संवाद कार्यक्रम आयोजित

31/7/2026
कुल्लू
खबर अभी अभी

राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक कार्ययोजना के तहत तहसील कल्याण अधिकारी, कुल्लू द्वारा अंतरपीढ़ी संवाद कार्यक्रम आयोजित
कुल्लू –
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, कुल्लू द्वारा राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक कार्ययोजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों एवं युवाओं के बीच आपसी संवाद, सम्मान और सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अंतरपीढ़ी समन्वय गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त उप शिक्षा निदेशक जगदीश ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के अनुभवों को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए युवाओं से उनसे प्रेरणा लेने और उनके सम्मान एवं देखभाल को अपनी जिम्मेदारी मानने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न पीढ़ियों को एक साझा मंच पर लाकर अनुभवों के आदान-प्रदान, आपसी समझ और भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करना रहा। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने युवाओं के साथ खुलकर संवाद किया तथा अपने जीवन के अनुभव, संस्कार और संघर्ष की प्रेरणादायक कहानियाँ साझा कीं। युवाओं ने भी वरिष्ठ नागरिकों से सीख लेते हुए उनके अनुभवों का सम्मान करने और समाज में उनकी गरिमापूर्ण भूमिका को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।

प्रतिभागियों के लिए कैरम बोर्ड, शतरंज, म्यूजिकल चेयर, अंताक्षरी, प्रश्नोतरी प्रतियोगिता, पहेलियों सहित विभिन्न खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसके अलावा संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रचनात्मक कार्यशालाओं, कौशल साझा करने तथा आजीवन सीखने से संबंधित गतिविधियों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के अनुभवों और युवाओं के नए विचारों का आदान-प्रदान हुआ। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच भी की गई तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान किए गए। इन गतिविधियों ने दोनों पीढ़ियों के बीच अपनत्व, सहयोग और सौहार्द की भावना को और मजबूत किया।

कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत ड्रग डिमांड रिडक्शन विषय पर विशेष जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। प्रतिभागियों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव, नशे से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा परिवार और समाज की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों से मिलकर नशा मुक्त एवं जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के सक्रिय, सम्मानजनक एवं खुशहाल जीवन को बढ़ावा देना तथा युवाओं और बुजुर्गों के बीच विश्वास, सहयोग और सामाजिक समावेशन को मजबूत करना है।

कार्यक्रम के अंत में संदेश दिया गया कि “युवा और बुजुर्ग मिलकर ही एक बेहतर कल का निर्माण कर सकते हैं। मजबूत पीढ़ीगत संबंध, नशा मुक्त समाज और सक्रिय वृद्धावस्था एक विकसित एवं संवेदनशील भारत की आधारशिला हैं।”

इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा, तहसील कल्याण अधिकारी सुरेश कौण्डल तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी गजेन्द्र ठाकुर, डे-केयर कुल्लू और भून्तर के प्रतिनिधि, राजकीय महाविद्यालय कुल्लू से एनएसएस वॉलंटियर सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share the news