
शिमला : भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में हिमाचल प्रदेश की वित्तीय स्थिति पूरी तरह चरमरा चुकी है। आज प्रदेश सरकार को कर्मचारियों के वेतन, पेंशन और दैनिक खर्च चलाने के लिए लगातार कर्ज लेना पड़ रहा है, जो इस सरकार की विफल आर्थिक नीतियों का सबसे बड़ा प्रमाण है। उन्होंने कहा कि समाचार पत्रों में प्रकाशित रिपोर्टों के अनुसार प्रदेश सरकार 500 करोड़ रुपये का नया ऋण लेने की तैयारी कर रही है, जबकि इससे पहले भी सरकार हजारों करोड़ रुपये का कर्ज ले चुकी है। इससे साफ है कि कांग्रेस सरकार के पास न तो आर्थिक दृष्टि है और न ही वित्तीय प्रबंधन की कोई स्पष्ट नीति।
राकेश जमवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद प्रदेश की जनता को राहत देने के बजाय केवल महंगाई बढ़ाने का कार्य किया है। डीज़ल पर वैट बढ़ाया गया, बिजली महंगी की गई, मुफ्त सुविधाएं बंद की गईं और हर वर्ग पर टैक्स एवं उपकर का बोझ डाला गया। आज प्रदेश की आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि सरकार को कर्मचारियों और अधिकारियों के वेतन तक अस्थायी रूप से रोकने जैसे निर्णय लेने पड़ रहे हैं। यह स्थिति प्रदेश के इतिहास में बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के राज में केवल “मित्रों की ऐश” चल रही है। सरकारी धन और संसाधनों का उपयोग जनता की भलाई के बजाय सत्ता के करीबी लोगों को लाभ पहुंचाने में किया जा रहा है। एक ओर प्रदेश का आम नागरिक महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रहा है, वहीं दूसरी ओर सरकार के करीबी लोगों को सरकारी सुविधाएं और संरक्षण लगातार मिल रहा है।
राकेश जमवाल ने पूर्व सीपीएस से जुड़े मामले पर भी कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी ने सरकार की कार्यप्रणाली की पोल खोल दी है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की नियुक्तियां अदालत द्वारा निरस्त की जा चुकी हैं, वे आज भी सरकारी आवासों और सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं। यह दर्शाता है कि कांग्रेस सरकार कानून और संवैधानिक मर्यादाओं की परवाह किए बिना अपने चहेतों को बचाने में लगी हुई है।
उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट द्वारा इस मामले में कड़ी टिप्पणी किया जाना इस बात का संकेत है कि प्रदेश में प्रशासनिक और संवैधानिक व्यवस्थाओं का दुरुपयोग किया गया है। भाजपा लंबे समय से कहती रही है कि कांग्रेस सरकार प्रदेश के संसाधनों का दुरुपयोग कर रही है और अब न्यायालय की टिप्पणियां भी इस बात की पुष्टि कर रही हैं।
राकेश जमवाल ने कहा कि भाजपा प्रदेश की जनता के हितों की आवाज बुलंद करती रहेगी और कांग्रेस सरकार की जनविरोधी, आर्थिक रूप से विफल और पक्षपातपूर्ण नीतियों को जनता के बीच उजागर करती रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस सरकार की वास्तविकता समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।





