शिमला में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, कांग्रेस सरकार पर प्रतिशोध की राजनीति का आरोप; ओकओवर घेराव कर किया विरोध

5/8/2026
शिमला
खबर अभी अभी

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार की कथित प्रतिशोध की राजनीति, भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को राजधानी शिमला में विशाल धरना-प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में प्रदेशभर से हजारों कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और समर्थकों ने भाग लिया।

धरने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण रैली निकालते हुए शेर-ए-पंजाब चौक से मुख्यमंत्री आवास ओकओवर तक मार्च किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना देकर सरकार को बर्खास्त करने की मांग उठाई।

जयराम ठाकुर ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज करवा रही है। उन्होंने कहा कि पंचायत और शहरी निकाय चुनावों में जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है और आगामी विधानसभा चुनाव में भी जनता सरकार को जवाब देगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, विधायक सुधीर शर्मा, आशीष शर्मा, होशियार सिंह, राजेंद्र राणा सहित कई नेताओं को राजनीतिक द्वेष के तहत निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए प्रशासन और पुलिस का दुरुपयोग कर रही है।

जयराम ठाकुर ने दावा किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी है और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर भी खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा 21 अगस्त से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में इन मुद्दों को सदन में भी उठाएगी।

हर महीने आंदोलन का ऐलान

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि यह आंदोलन केवल शुरुआत है। उन्होंने घोषणा की कि अब प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा और प्रत्येक मंडल में हर महीने कांग्रेस सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार महिलाओं, युवाओं, किसानों, कर्मचारियों और अन्य वर्गों से किए गए चुनावी वादे पूरे करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि ₹1,500 प्रतिमाह देने का वादा, रोजगार, पुरानी पेंशन और अन्य घोषणाएं अब तक पूरी नहीं हुई हैं। साथ ही उन्होंने स्कूल, कॉलेज और संस्थानों को बंद करने तथा महंगाई बढ़ाने का भी आरोप लगाया।

सरकार को घेरने की रणनीति

भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी गांव-गांव और घर-घर जाकर कांग्रेस सरकार की कथित विफलताओं को जनता के सामने रखेगी और भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था तथा जनविरोधी निर्णयों के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान चलाएगी। प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा और सरकार के खिलाफ आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया।

Share the news