
खबर अभी अभी
मंडी,
16 मई। नगर निगम मंडी चुनाव-2026 के लिए सभी मतदान दलों ने अपने-अपने मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर पोलिंग बूथ स्थापित कर दिए हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम मंडी सदर रूपिन्द्र कौर ने बताया कि वार्ड नंबर 1 से 13 तक कुल 34 पोलिंग पार्टियों को शनिवार सुबह रवाना किया गया था, जिन्होंने निर्धारित मतदान केन्द्रों पर बूथ स्थापित करने की प्रक्रिया पूर्ण कर ली है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम मंडी के 13 वार्डों में कुल 34 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं सुचारू ढंग से सम्पन्न करवाने के लिए प्रत्येक मतदान दल में चार मतदान कर्मी तथा दो पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।
रूपिन्द्र कौर ने बताया कि नगर निगम मंडी में कुल 27161 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 13316 पुरुष तथा 13845 महिला मतदाता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
—





