सुंदरनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्कूटी सवार दो युवकों से 5 ग्राम चिट्टा बरामद

खबर अभी अभी
मंडी ,
• सुंदरनगर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने भवाणा फोरलेन पर कार्रवाई करते हुए स्कूटी सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह अभियान डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण के दिशा-निर्देशों के तहत चलाया गया।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम भवाणा फोरलेन क्षेत्र में नियमित गश्त और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक स्कूटी पर सवार दो युवक संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रोककर तलाशी ली तो उनके कब्जे से 5 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल (20 वर्ष) और राहुल (19 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर ही दोनों युवकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी नशे की खेप कहां से लेकर आए थे और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस मामले में जुड़े अन्य लोगों की भूमिका को भी खंगाला जा रहा है।
सुंदरनगर पुलिस ने साफ किया है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार और नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Share the news