
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
16 जून 2023
सोलन शहर की दोहरी दीवार में नगर निगम की ओर से शहीदी स्मारक बनाया जाएगा। इसके लिए निगम ने ड्राइंग तैयार कर ली है। इसके अनुसार शहीद स्मारक में रानी झांसी की प्रतिमा को स्थापित किया जाएगा। वहीं अन्य शहीदों की प्रतिमा भी पार्क में लगाई जाएंगी। शहीदी स्मारक के साथ टैक्सी स्टैंड भी बनाया जाएगा। इसमें टैक्सियों के खड़े होने की व्यवस्था की जाएगी। इतना ही नहीं इसके आसपास पौधे, घास भी लगाई जाएगी, ताकि इसकी खूबसूरती में चार चांद लग जाएं।
इसके अलावा प्रत्येक प्रतिमा के साथ पट्टिका भी लगाई जाएगी। इससे उनका जीवन परिचय भी लिखा जाएगा। बस ठहराव के लिए भी अलग से जगह बनेगी। वहीं निगम की ओर से कुछ दुकानें बनाने की योजना भी तैयार की जा रही है, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं भी मिल सकें। दोहरी दीवार मुख्य जगह होने के कारण निगम की ओर से यहां पर स्मारक बनाने का निर्णय लिया है। ऐसे में यहां शहीद स्मारक बनने से यह शहरवासियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
वहीं बाहर से आने वाले लोग और युवा शहीदों के बारे में जानकारी भी ले पाएंगे। इससे पहले चंबाघाट में भी शहीदी स्मारक का निर्माण किया गया था। इसमें रानी झांसी की प्रतिमा स्थापित की गई थी। लेकिन यह शहीद स्मारक फोरलेन निर्माण की जद में आ गया। जिसके चलते उसे वहां से हटाना पड़ा। हालांकि इस प्रतिमा को पुलिस लाइन में रखा गया है। इसके बाद से निगम की ओर से शहीद स्मारक बनाने को लेकर जगह की तलाश की जा रही थी। अब दोहरी दीवार में इसके लिए जगह का चयन किया गया है।
दोहरी दिवार में शहीदी स्मारक बनाया जाएगा। इसके लिए ड्राइंग तैयार कर ली गई है। शहीद सभी के लिए प्रेरणा का स्त्रोत हैं। इसके बनने से युवा पीढ़ी को भी इनके जीवन परिचय से कुछ सीखने को मिलेगा। जल्द इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





