हिमाचल प्रदेश के 1,100 स्कूलों और 50 कॉलेजों को दिया जाएगा एक्सीलेंस का दर्जा

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

8 नवम्बर 2023

1,100 schools and 50 colleges will get excellence status, infrastructure will be strong, there will be no shor

हिमाचल प्रदेश के 1,100 स्कूलों और 50 कॉलेजों को एक्सीलेंस का दर्जा दिया जाएगा। गुणात्मक शिक्षा देने के लिए विभाग ने इन स्कूलों-कॉलेजों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की कमी नहीं होगी। आधारभूत ढांचा भी यहां मजबूत किया जाएगा। विद्यार्थियों की कम संख्या वाले स्कूल मर्ज भी किए जाएंगे। पहले चरण में 500 प्राइमरी, 200 मिडल, 200 हाई और 200 वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल एक्सीलेंस संस्थान बनाए जाएंगे। शेष स्कूलों का चयन अगले वर्ष किया जाएगा।

अगर कोई चयनित स्कूल या कॉलेज मानकों पर खरा नहीं उतरेगा तो उससे दर्जा भी वापस ले लिया जाएगा। प्रदेश में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए शिक्षा विभाग ने यह नया प्रस्ताव तैयार किया है। इसके तहत ऐसे स्कूलों को पहले चरण में चुना जाएगा, जहां आसपास के स्कूलों की संख्या अधिक होगी और वहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या कम होगी। एक्सीलेंस प्राइमरी स्कूलों में पांच शिक्षक नियुक्त होंगे। मिडल, हाई और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में हर विषय का शिक्षक अनिवार्य तौर पर नियुक्त किया जाएगा। जिन स्कूलों के भवनों में विद्यार्थियों के बैठने की संख्या पर्याप्त होगी, उन्हें भी पहले चरण में चुना जाएगा।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि एक्सीलेंस बनाए जाने वाले शिक्षण संस्थानों का दर्जा कायम रखने के लिए प्रिंसिपलों की जिम्मेवारियां सुनिश्चित की जाएंगी। हर साल इन संस्थानों का मूल्यांकन होगा। बेहतर प्रदर्शन नहीं करने पर एक्सीलेंस का दर्जा वापस ले लिया जाएगा। एक्सीलेंस संस्थानों के मानक तय करने के लिए सरकार ने वर्किंग ग्रुप गठित किए हैं। इसी माह इन ग्रुपों से रिपोर्ट मांगी गई है। कॉलेजों के लिए मानक तय करने के लिए अलग वर्किंग ग्रुप बनाए गए हैं। शिक्षा सचिव राकेश कंवर ने बताया कि जल्द ही विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर सरकार की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

Share the news