23.29 ग्राम चिट्टे के साथ पंजाब के 3 तस्कर गिरफ्तार, डगशाई लिंक रोड पर SIU की बड़ी कार्रवाई

खबर अभी अभी
सोलन जिला पुलिस की एसआईयू (SIU) टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डगशाई लिंक रोड पर 23.29 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार 16 जून 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर एसआईयू टीम ने डगशाई लिंक रोड स्थित वर्षा शालिका के समीप नाकाबंदी की। इस दौरान पंजाब नंबर की एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान कार सवार तीन लोगों के कब्जे से 23.29 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद कुमार सिंह (29) निवासी मोहाली, इंदर पाल (39) निवासी मोहाली और जसबीर कौर (32) निवासी रूपनगर, पंजाब के रूप में हुई है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस लगातार तस्करों पर शिकंजा कस रही है। पुलिस ने युवाओं से नशे से दूर रहने और नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस तक पहुंचाने की अपील की है।

Share the news