
खबर अभी अभी
सोलन।
सोलन पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर केस का महज चार घंटे में खुलासा कर त्वरित और पेशेवर जांच का उदाहरण पेश किया है। पुलिस ने हत्या के मामले में मृतक की पत्नी और उसके कथित साथी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर आपसी षड्यंत्र के तहत हत्या करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को पुलिस चौकी डगशाई को सूचना मिली कि जोहड़ पटियाला के नीचे कच्ची सड़क के पास झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव खून से लथपथ पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की पहचान रूप लाल (40) निवासी नेपालगंज, नेपाल तथा वर्तमान निवासी जोहड़ पटियाला, जिला सोलन के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतक अपनी पत्नी के साथ जोहड़ पटियाला में रहकर मजदूरी करता था। 4 जुलाई की शाम वह अपने साडू को छोड़ने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन तलाश के दौरान उसका शव झाड़ियों में मिला। घटनास्थल से खून से सना चाकू और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी आधार पर जांच शुरू की। राज्य फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (SFSL) जूंगा की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज किए तथा तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया।
जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर मृतक की पत्नी चन्द्रा चलाउने (26) की कथित संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में एक अन्य आरोपी चक्रा बहादूर कामी (35) निवासी नेपाल, हाल निवासी कुमारहट्टी, जिला सोलन का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे भी कुमारहट्टी से गिरफ्तार कर लिया।
प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने कथित रूप से आपसी षड्यंत्र के तहत रूप लाल की हत्या की। पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड हासिल करेगी, ताकि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा सके।
पुलिस ने बताया कि यह एक ब्लाइंड मर्डर था, जिसमें शुरुआती स्तर पर न तो कोई प्रत्यक्षदर्शी था और न ही आरोपियों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी। इसके बावजूद वैज्ञानिक जांच, तकनीकी विश्लेषण और साक्ष्यों के सूक्ष्म परीक्षण के आधार पर पुलिस टीम ने मात्र 4 घंटे के भीतर मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।





