
31/7/2026
शिमला
खबर अभी अभी
मंडी संसदीय क्षेत्र से सांसद कंगना रनौत के ‘गटर छाप’ बयान पर लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को “कीड़े-मकोड़े” जैसे शब्दों से संबोधित करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल के युवा प्रतिभाशाली, मेहनती और प्रदेश का भविष्य हैं। ऐसे युवाओं के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किसी जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देता। उन्होंने सवाल उठाया कि सांसद आखिर ऐसी भाषा कहां से लेकर आती हैं।
मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में मर्यादित और सम्मानजनक भाषा का प्रयोग होना चाहिए। उन्होंने सांसद से अपने बयान पर आत्ममंथन करने और प्रदेश के युवाओं से माफी मांगने की बात भी कही।
गौरतलब है कि सांसद कंगना रनौत के हालिया बयान को लेकर प्रदेश की राजनीति में विवाद गहरा गया है। कांग्रेस नेताओं ने इसे युवाओं का अपमान बताया है, जबकि भाजपा की ओर से इस मामले में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।






