# हवन यज्ञ में आहुतियां डाल हुआ मिनी सचिवालय भवन का शुभारंभ |

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

3 मई 2023

 जिला मुख्यालय ऊना पर नवनिर्मित मिनी सचिवालय भवन में बुधवार को जिला प्रशासन समेत अन्य सभी विभागों के कार्यालयों को शिफ्ट करते हुए सभी कार्यालयों का शुभारंभ कर दिया गया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए गए कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और हवन यज्ञ में पवित्र आहुतियां डालकर नए भवन में विधिवत प्रवेश किया। उपमुख्यमंत्री ने मिनी सचिवालय परिसर के साथ-साथ विभिन्न विभागों के कार्यालयों के रिबन काटकर कामकाज को सुचारू किया है।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मिनी सचिवालय भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस है जबकि इस में आने जाने वाले जिला वासियों के लिए भी बहुत सारी सुविधाएं जुटाई गई हैं ताकि उनके काम सुगमता से हो सके। नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस कार्यालय परिसर में हाईटेक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है।

कार्यालय परिसर का लोकार्पण होने के बाद करीब आठ माह बाद इसमें कार्यालयों को शिफ्ट करने के संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राजनीति का विषय नहीं है विकासात्मक प्रक्रियाएं सतत चलती हैं और इन प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए बहुत सारे कामों को करना पड़ता है।

आज जिला प्रशासन ने इन सभी कामों को मुकम्मल करते हुए विधिवत हवन यज्ञ के साथ शुभारंभ समारोह का आयोजन किया और वह इसमें प्रशासन के निमंत्रण पर शामिल हुए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन समेत विभिन्न विभागीय अधिकारियों को नागरिकों की सुख सुविधाओं और उनके कार्यों के जल्द निष्पादन का दिशानिर्देश भी दिया।

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news