
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरोे*
10 जून 2023

सोलन शहर के शूलिनी नगर स्थित वार्ड आठ में खुला नाला बह रहा है। ऐसे में नाले में कूड़ा का अंबार लगा हुआ है तो वहीं यह खुला नाला लोगों के लिए किसी खतरे से कम नहीं है। वैसे यह वार्ड निगम की महापौर पूनम ग्रोवर का है। लेकिन हालत यह है कि वार्ड में कई जगह खुले नाले हैं और इन नालों में गंदगी पसरी हुई है। इतना ही नहीं इन खुले नालों में कई बार लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। बावजूद इसके इस नाले को ढका नहीं गया है, जबकि यह नाला काफी पुराना है। ऐसे में बरसात के दिनों में रास्तों की सारी गंदगी नाले में आ जाती है, जिससे बदबू उठती है। कई बार लोग इस बारे में शिकायत भी कर चुके हैं। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनावी समय में पार्षद ने उनसे नाला ढकने की बात कही थी। लेकिन आज तक इस नाले को ढका नही गया। ऐसे में लोगों को काफी असुविधा हो रही है। ज्यादातर परेशानी अंधेरे में होती है। जब लोग नाले में गिरकर चोटिल हो जाते हैं। इसके बारे में कई बार निगम से बात भी की गई है। लेकिन कोई स्थाई हल नहीं निकल पाया है। लोगों ने आग्रह किया है कि जल्द नाले को ढका जाए और गंदगी से भी निजात दिलायी जाए।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरोे*





