
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
10 जून 2023
सोलन शहर में आगामी दिनों में लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ेगा। राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेले को लेकर नगर निगम सोमवार से पानी की राशनिंग शुरू करेगा। इसके चलते निगम ने पानी के कट लगाने की तैयारी कर ली है। वहीं पानी की राशनिंग के दौरान धर्मपुर, कुमारहट्टी, बड़ोग क्षेत्र में भी पानी की किल्लत का सामना लोगों को करना पड़ सकता है।
निगम के अधिकारियों के अनुसार पानी की राशनिंग को लेकर आगामी एक सप्ताह में अभी दो से तीन बार सप्लाई बाधित रहेगी। इससे आगामी दिनों में शहर के कई वार्डों में पेयजल किल्लत होगी। हालांकि महापौर ने पानी की किल्लत न होने का दावा किया है। वहीं लोगों से भी पानी व्यर्थ ने बहने देने का आग्रह किया है। वर्तमान में शहर के वार्डों में निगम की ओर से तीसरे दिन पानी दिया जा रहा है। लेकिन आगामी दिनाें में शहर में कुछ दिनों तक चौथे दिन पानी मिलेगा।
मां शूलिनी मेले के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम तैयारियों में जुटा है। लोगों को मेले के दौरान पर्याप्त पानी मिले, इसके लिए निगम ने पानी जमा करना शुरू कर दिया है। नगर निगम को शहर को सप्लाई देने के लिए 91 लाख लीटर (करीब 9 एमएलडी) की आवश्यकता होती है। जल शक्ति विभाग अश्वनी और गिरि योजना से निगम के टैंकों तक पानी पहुंचाता है। इसी के साथ गिरि योजना से अन्य क्षेत्रों को भी पानी देता है। वहीं शूलिनी मेले के दौरान काफी पानी की जरूरत होगी। इसे देखते हुए निगम ने पानी का भंडारण का निर्णय लिया है।
नगर निगम महापौर पूनम ग्रोवर ने कहा कि निगम ने पानी का भंडारण शुरू कर दिया है। शहरवासियों को पानी की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने आग्रह किया है कि पानी का दुरुपयोग न करें। अगर किसी के पानी की टंकी ओवरफ्लो होती हैं तो उसका चालान किया जाएगा।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





