
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
16 जून 2023
जनपद सिरमौर के स्वास्थ्य खंड संगड़ाह में स्वास्थ्य सेवाएं राम भरोसे चल रही हैं। खंड के स्वास्थ्य संस्थानों में कहीं पद रिक्त चल रहे हैं तो कहीं पर सुविधाएं ही नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की सुविधाओं के लिए खोले गए स्वास्थ्य उपकेंद्रों का तो और भी बुरा हाल है। खंड में 17 स्वास्थ्य उपकेंद्र ऐसे हैं, जिनमें स्टाफ न होने से ताले लटके हैं।
दरअसल, स्वास्थ्य खंड संगड़ाह के अंतर्गत विभाग की ओर से 25 स्वास्थ्य उपकेंद्र खोले गए हैं। इनमें से 17 केंद्रों में पद रिक्त होने के चलते ताले लटके हैं। इन केंद्रों को कभी कभार ही खोला जा रहा है। उसके लिए भी यहां प्रतिनियुक्ति पर स्टाफ भेजना पड़ता है। जहां से प्रतिनियुक्ति के लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ता की ड्यूटी लगाई जाती है, वहां पर ताला लटक जाता है।
ऐसे में लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं से महरूम होना पड़ रहा है। खंड के 25 स्वास्थ्य उपकेंद्रों में 68 के करीब सीएचओ, फार्मासिस्ट और स्वास्थ्य कार्यकर्ता के पद स्वीकृत किए गए हैं। इसमें से 58 पद रिक्त चल रहे हैं। ऐसे में सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि क्षेत्र में लोगों को कैसी स्वास्थ्य सेवाएं व सुविधाएं मिल रही हैं। लोगों को टीकाकरण, दवाइयों व अन्य सुविधाओं के लिए संगड़ाह, ददाहू और नाहन जाना पड़ रहा है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





