हिमाचल के अनुसूचित जाति वर्ग के 14,040 विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति पर संकट, जानिए वजह

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

22 जून 2023

बैंक खाते से आधार कार्ड नंबर नहीं जोड़ने पर हिमाचल प्रदेश के अनुसूचित जाति (एसएसी) वर्ग के 14,040 विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति पर संकट खड़ा हो गया है। 30 जून तक इन विद्यार्थियों ने अपने बैंक खातों से आधार नंबर नहीं जोड़ा तो इनकी छात्रवृत्ति बंद हो जाएगी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने वर्ष 2022-23 की छात्रवृत्ति लेने के लिए आखिरी मोहलत दी है। देरी करने पर प्री और पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना का लाभ पाने से हजारों विद्यार्थी वंचित हो जाएंगे। उच्च शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला उपनिदेशकों, निजी और सरकारी स्कूलों-कॉलेजों के प्रिंसिपलों समेत विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और रजिस्ट्रार को आधार नंबर से बैंक खातों को जोड़ने के लिए विद्यार्थियों को जागरूक करने को कहा है।

उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से दी जाने वाले छात्रवृत्ति राशि को डीबीटी के माध्यम से विद्यार्थियों के बैंक खातों में दिया जाना अनिवार्य किया गया है। शैक्षणिक सत्र 2022-23 के दौरान प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत 7,652 और पोस्ट मैट्रिक योजना के तहत 6,243 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति जारी नहीं हुई है। इनके अलावा 2021-22 शैक्षणिक सत्र के 145 विद्यार्थियों को भी छात्रवृत्ति जारी नहीं हुई है। 2021-22 सत्र के विद्यार्थियों को 23 जून और 2022-23 सत्र के विद्यार्थियों को 30 जून तक अपने बैंक खातों को आधार नंबर से जुड़वाने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि जिस बैंक में विद्यार्थी ने खाता खुलवाया है, वहां जाकर आधार नंबर को बचत खाते से जुड़वाया जा सकता है। निदेशक ने कहा कि तय तारीख तक ऐसा न करने वाले विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति बंद कर दी जाएगी।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news