
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
27 जून 2023
हिमाचल में पहली बार सीसीटीवी की निगरानी में सेब कारोबार होगा। सरकार ने राज्य कृषि विपणन बोर्ड को सभी मंडियों के प्रवेश और निकास द्वार सहित ऑक्शन यार्ड पर हाई डेफिनेशन सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं। मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों के अलावा स्थानीय एसडीएम और पुलिस अधिकारियों के कार्यालय में लगी स्क्रीन से इन कैमरों को जोड़ा जाएगा।
वजन के हिसाब से सेब न बेचने वाले आढ़तियों और रूमाल के नीचे अवैध रूप से सेब की बोली लगाने वालों पर सबूतों के साथ शिकंजा कसा जाएगा। मंडियों में कितने वाहनों ने प्रवेश किया और लोड होकर कितनी गाड़ियां बाहर निकलीं इस पर कैमरों से नजर रखी जाएगी। उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने बताया कि सरकार के आदेशों पर सेब सीजन की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में एपीएमसी के अधिकारियों को मंडियों में हाई डेफिनेशन सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। मंडियों में गैर कानूनी काम करने वालों पर कैमरों से नजर रखी जाएगी।
बागवानों के हित में सेब कारोबार को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए प्रदेश सरकार वचनबद्ध है। मार्केटिंग बोर्ड को सभी मंडियों में हाई डेफिनेशन सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि गड़बड़ी करने वालों पर सबूत के साथ तुरंत कार्रवाई की जा सके।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





