# शलून कैंची पर कार दुर्घटना, 4 की मौत, एक गंभीर घायल |

खबर अभी अभी ब्यूरो

28 जून 2023

पुलिस थाना रामपुर के तहत भद्राश-रोहडू संपर्क मार्ग पर शलून कैंची पर मंगलवार सुबह शादी समारोह से लौट रही कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिसमें सवार चार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गम्भीर रूप से घायल है। कार में दो युवक व तीन युवतियां सवार थी।

 

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ये हादसा बुधवार सुबह करीब आठ बजे सामने आया। जिसमें रामपुर बुशहर के अंतर्गत भद्राश-रोहडू संपर्क मार्ग पर शलून कैंची के समीप एक कार अनियंत्रित होकर सड़क मार्ग से करीब 500 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। मृतकों की पहचान 24 वर्षीय अविनाश मांटा, पुत्र देवेंद्र माँटा गांव चाकली डाकघर देवठी तहसील रामपुर, 22 वर्षीय सुमन पुत्री भागचंद गांव कुखि डाकघर दरकाली तहसील रामपुर, 22 वर्षीय हिमानी पुत्री दिलीप सिंह गांव कूखी डाकघर दरकाली और 40 वर्षीय संदीप पुत्र चेतराम गांव कुखि डाकघर दरकाली के रूप में हुई है। जबकि शिवानी पुत्री दलीप निवासी कुखी इस हादसे में घायल हुई है।

 

जानकारी के अनुसार बारात बीती शाम रामपुर उपमंडल के देवठी से क्लेडा गई थी। बुधवार सुबह जब बराती वापस घर लौट रहे थे तो रास्ते में ये दर्दनाक हादसा हुआ। वहीं, जानकारी मिलते ही तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से मृतकों के शवों व घायल को सड़क मार्ग तक पहुंचाया, जहाँ से उन्हें रामपुर स्थित खनेरी अस्पताल पहुँचाया गया।

हादसे की पुष्टि करते हुए पुलिस थाना रामपुर के सब इंस्पेक्टर जयदेव ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 8 बजे उन्हें दुर्घटना की सूचना मिली थी। जिसके बाद उनकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।

खबर अभी अभी ब्यूरो

Share the news