जाली परमिट के सहारे बिरोजा तस्करी में पकड़े ट्रक का चालक गिरफ्तार

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

5 जून 2023

प्रदेश से जाली परमिट के सहारे पंजाब को बिरोजा तस्करी करने के आरोप में पकड़े गए ट्रक के चालक को गगरेट पुलिस ने गिरफ्तार कर उसका चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर लिया। पुलिस रिमांड के दौरान पुलिस अब आरोपी ट्रक चालक से गहन पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि बिरोजा कहां से लाया गया था। यही नहीं बल्कि इस मामले में पुलिस के समक्ष जाली परमिट प्रस्तुत करने वाला आरोपी अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। जबकि संभावना है कि इस मामले में शीघ्र ही कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

जानकारी के अनुसार गगरेट में वन विभाग ने बीते दिनों पंजाब के होशियारपुर को जा रहे एक ट्रक से 366 बिरोजा के टीन बरामद किए थे। वन विभाग की टीम ने जब ट्रक को रोककर पड़ताल करनी चाही तो ट्रक चालक भाग गया। इसके बाद ट्रक को कब्जे में लेकर वन विभाग के कर्मी पुलिस में मामला दर्ज करवाने गए। इसी बीच एक व्यक्ति बिरोजा का परमिट लेकर थाने पहुंच गया और बिरोजा परमिट पर ले जाने का दावा करने लगा। जब वन विभाग ने परमिट की पड़ताल की तो यह जाली पाया गया। इसके बाद वन विभाग की शिकायत पर गगरेट पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। पुलिस पड़ताल में भी परमिट जाली पाया गया। इस मामले में आरोपी पुलिस के साथ आंख मिचौली का खेल खेलते रहे। लेकिन अब ट्रक चालक अनमोल, निवासी थानाकलां को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेशकर उसका चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है।

सूत्रों की मानें तो प्रदेश से पंजाब को बिरोजा तस्करी का खेल बड़े पैमाने पर चल रहा है। जाली परमिट तैयार कर बिरोजा ट्रकों में लादकर होशियारपुर पहुंचाया जा रहा है। हालांकि जाली परमिट कौन और कहां तैयार करता है। क्या इस प्रकरण में वन विभाग के कर्मी भी लिप्त हैं। इन सब सवालों के जवाब पुलिस के समक्ष जाली परमिट पेश करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी से ही मिल सकते हैं। लेकिन वह अभी पुलिस गिरफ्त से दूर है। कोट्स डीएसपी डॉ. वसुधा सूद का कहना है कि पुलिस रिमांड पर लिए गए आरोपी से यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि बिरोजा कहां से लाया गया।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news