नितिका बोलीं- बर्थडे पर पापा के फोन का था इंतजार, सूचना आई मलबे में दब गया पूरा परिवार

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

21 अगस्त 2023

shimla summer hill landslide News: Nitika Birthday celebration side story

सावन का सोमवार और 14 अगस्त का वो दिन, नितिका कभी नहीं भूल पाएगी। 14 अगस्त को नितिका का जन्मदिन था। शिमला के समरहिल की नितिका की शादी लुधियाना में हुई है। पापा पवन शर्मा ने उसे बुलाया था, लेकिन खराब मौसम के चलते नहीं आ पाईं। नितिका का कहना है कि सुबह से ही उसे पापा के फोन का इंतजार था। हर बार बर्थडे पर विश करते थे। उनके मोबाइल फोन भी नहीं लग रहे थे। ऐसे में खबर आई कि सावन की शिवरात्रि की पूजा के लिए जिस शिव बावड़ी मंदिर में सात लोगों का पूरा परिवार पूजा करने गया है, वहां भूस्खलन हो गया है और सभी मलबे में दब गए हैं।

वह तुरंत शिमला के लिए निकलीं। शाम को यहां पहुंचीं तो देखा कि सात में से चार परिजन उनकी मां संतोष शर्मा, भाई अमन और भाई की बेटियों नायरा और साशा के शव मलबे से निकाले जा चुके थे। इन चार शवों को मुखाग्नि भी नितिका ने ही दी। तीसरे दिन उनके भाई अमन की पत्नी अर्चना का शव मिला, जिसका संस्कार अर्चना के भाई ने किया। परिवार में इकलौती बची नितिका का कहना है कि उसे 14 अगस्त का दिन कभी नहीं भूल सकता। पापा पवन शर्मा और भतीजी समायरा अभी भी लापता हैं। इतनी आस्था वाला परिवार और सभी एक साथ मलबे में दब जाएंगे, किसी ने नहीं सोचा था

नितिका की पड़ोसी चेतना ने बताया कि पूरा परिवार बहुत ही खुश था। वे औरों की मदद करते रहते थे। हमेशा शिव बावड़ी मंदिर जाया करते थे। 14 अगस्त को भी पूरा परिवार मंदिर गया हुआ था। अगर नितिका शिमला पहुंच जाती तो वह भी साथ ही मंदिर जाती। उनके साथ किरायेदार अधिवक्ता हरीश और उनकी पत्नी सहायक आचार्य मानसी भी पूजा करने के लिए मदिर गए थे। उनकी भी मौत हो गई। इतनी धार्मिक आस्था वाला परिवार और सभी एक साथ मलबे में दब जाएंगे, किसी ने नहीं सोचा था।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news