
शिमला। शिमला पुलिस का चिट्टा तस्करों पर चाबुक जारी है। अब पुलिस ने शिमला के कोटखाई पुलिस थाना क्षेत्र में चिट्टा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। शिमला पुलिस की टीम ने 31.46 ग्राम चिट्टे के साथ तीन तस्करों को पकड़ा है। चिट्टे की खेप के साथ पकड़े गए आरोपियों में एक स्थानीय और दो पंजाब के तस्कर शमिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत केस दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार शनिवार देर शाम एएसआई पुरुषोत्तम चंद पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान चालनेयर क्षेत्र में गुप्त सूचना मिली कि कार में सवार तीन लोग चिट्टा बेचने का काम कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके की ओर रवाना हुई। जब पुलिस एनएच-705 पर निहारी के पास पहुंची, तो बताई गई कार सडक़ किनारे खड़ी मिली। पुलिस ने कार में बैठे तीनों लोगों को सूचना के बारे में अवगत कराया और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार से 31.46 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थ को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया और तीनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। चिट्टे के साथ गिरफ्तार आरोपियों की पहचान व्योम खोकटा उम्र 27 वर्ष निवासी गांव शौन, डाकघर गरावग, तहसील कोटखाई, जिला शिमला, गुरविंदर सिंह उम्र 36 वर्ष निवासी बसंत नगर, लुधियाना पंजाब और करमजीत सिंह उम्र 34 वर्ष निवासी ढिल्लों नगर, लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई है। उधर, एसएसपी शिमला संजीव गांधी का कहना है कि पुलिस ने चिट्टे के साथ पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पंजाब के दो तस्कर काबू
बंगाणा। पुलिस थाना बंगाणा के तहत डूमखर में दो व्यक्तियों से 7.86 ग्राम चिट्टा पकड़ है। पुलिस ने मामले में सुखवीर सिंह निवासी कोठे कृष्णानगर जिला होशियारपुर व गगनदीप सिंह निवासी होशियारपुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
क्वार्टर में युवक से पकड़ा चिट्टा
सुंदरनगर। सुंदरनगर के पुलिस थाना धनोटू की टीम ने अंकुर सैणी निवासी तहसील बल्ह, मंडी के रिहायशी क्वार्टर से 7.28 ग्राम चिट्टा बरामद किया। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना धनोटू में मुकदमा दर्ज कर आगामी जांच अमल में लाई जा रही है।
दो से हेरोइन बरामद
नूरपुर। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) धर्मशाला जिला की टीम ने जसूर चौक नाकाबंदी के दौरान में दो आरोपियों के कब्जे से 26.63 ग्राम हेरोइन बरामद करने में सफलता हासिल की है। एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि आरोपियों की पहचान रोहित कुमार उर्फ चिक्की व शिवम पठानकोट के रूप में हुई है।





