एनएचएआई क्षेत्र में अज्ञात युवक की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

जिला मंडी के औट बाजार में एनएचएआई क्षेत्र के अंतर्गत गेटवे होटल के समीप टनल के बाहर शुक्रवार सुबह लगभग 6:30 बजे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की अनुमानित आयु 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है।

स्थानीय निवासी नरेश कुमार ने बताया कि उन्होंने युवक को सड़क किनारे उल्टी अवस्था में पड़ा हुआ देखा, जिसका शरीर अत्यधिक ठंड के कारण अकड़ा हुआ था। स्थिति को देखते हुए उन्होंने तुरंत थाना औट पुलिस को दूरभाष पर सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना औट से ASI राजन कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ कांस्टेबल दुष्यंत कुमार (संख्या 267) तथा ग्राम पंचायत औट के उपप्रधान श्याम लाल वैद्य भी मौजूद रहे। पुलिस द्वारा प्रारंभिक निरीक्षण किया गया।

पुलिस जांच में मृतक के पास से कोई पहचान पत्र अथवा अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुए हैं। मृतक ने आसमानी रंग की कमीज तथा नीले रंग का अंडरवियर (अंतर्वस्त्र) पहन रखा था।

प्रारंभिक अवलोकन में आशंका जताई जा रही है कि युवक की मृत्यु अत्यधिक ठंड के कारण हुई हो सकती है। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला मुख्यालय स्थित क्षेत्रीय अस्पताल मंडी भेज दिया गया है।

जांच अधिकारी ASI राजन कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान सुनिश्चित करने और मृत्यु के सही कारण व समय का पता लगाने के लिए डीएनए सैंपल भी एकत्र किए जाएंगे। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Share the news