LPG Cylinder Shortage: धर्मशाला में उड़ी गैस की किल्लत की अफवाह, सिलिंडर लेने के लिए उमड़ी लोगों की भीड़

मध्य पश्चिम एशिया में जारी युद्ध की खबरों के बीच गैस की संभावित कमी की अफवाहों ने धर्मशाला में लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अफवाहों के चलते कई लोगों ने एहतियातन घरेलू गैस सिलिंडर स्टोर करना शुरू कर दिया है। इसके चलते शुक्रवार को शहर की गैस एजेंसियों के गोदामों में सिलिंडर लेने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग गैस सिलिंडर लेने के लिए एजेंसी के गोदामों के बाहर पहुंच गए।
धर्मशाला में जब गैस सिलिंडरों से भरे ट्रक गोदाम में पहुंचे तो लोगों की भीड़ और बढ़ गई। सिलिंडर प्राप्त करने के लिए उपभोक्ताओं को लंबी कतारों में लगना पड़ा। इस दौरान कई लोग अपनी गैस कॉपी में एंट्री करवाने और सिलेंडर लेने के लिए घंटों तक इंतजार करते नजर आए। भीड़ अधिक होने के कारण उपभोक्ताओं को काफी मशक्कत के बाद सिलेंडर मिल पाए।

गैस एजेंसी से जुड़े लोगों का कहना है कि फिलहाल गैस की सप्लाई सामान्य है, लेकिन अफवाहों के चलते अचानक मांग बढ़ने से गोदामों में भीड़ की स्थिति बन गई है। प्रशासन और एजेंसी संचालकों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही गैस सिलिंडर लें।
रिकांगपिओ में पेट्रोल पंप पर लगी वाहनों की लंबी लाइन
रिकांगपिओ में लोग पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर चिंतित हैं। इस बीच रिकांगपिओ के पेट्रोल पंप पर सुबह से लाइन लगी हुई है। हालांकि, खाद्य आपूर्ति अधिकारी किन्नौर धनवीर सिंह ठाकुर का कहना है कि किन्नौर में रसोई गैस, डीजल और पेट्रोल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि अफवाहों पर ध्यान न दें।

Share the news