
कुल्लू:
मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने शुक्रवार को आईबैक्स चौक मनाली में अत्याधुनिक 33/11 के.वी. जी.आई.एस. विद्युत उप-केन्द्र का विधि-विधान से भूमिपूजन किया। यह उप-केंद्र लगभग 13.50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि मनाली के विकास के इतिहास में आज एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। विश्वप्रसिद्ध पर्यटन नगरी मनाली को बिजली की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के उद्देश्य से यह परियोजना शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि यह उप-केंद्र केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि मनाली की जनता और पर्यटन कारोबार की धड़कन बनेगा, जो कड़ाके की ठंड और भारी बर्फबारी के दौरान भी निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेगा।
आधुनिक जीआईएस तकनीक से लैस यह बिजली घर आने वाले दशकों तक क्षेत्र की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में सक्षम होगा। इससे लो-वोल्टेज की पुरानी समस्या का भी स्थायी समाधान होगा।
विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने इस नई पहल के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि अब मनाली में विकास की रफ्तार और तेज़ होगी।
कुल्लू ब्यूरो रिपोर्ट: सुशांत शर्मा.





