
शिमला जिला पुलिस ने एक करोड़ की एलएसडी के मामले में हरियाणा के गुरुग्राम में दबिश देकर तस्करी के सरगना को गिरफ्तार किया है। नविएल हैरिसन केरल के कालीकट का रहने वाला है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि एलएसडी के साथ पकड़ा गया संदीप और नविएल हैरिसन लंबे समय से एक दूसरे के संपर्क में थे और एलएसडी की तस्करी में संलिप्त हैं। पुलिस अब तस्कर से पूछताछ कर इस जानलेवा नशे की तस्करी से जुड़े कई अहम राज जानने की कोशिश कर रही है। शिमला पुलिस ने 10 मार्च को न्यू शिमला में एक फ्लैट में दबिश देकर युवक और युवती को 11.570 ग्राम एलएसडी के साथ गिरफ्तार किया था। एलएसडी के 562 स्टि्प की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक करोड़ रुपये आंकी जा रही थी। आरोपी संदीप शर्मा धर्मकोट, जिला मोगा पंजाब का रहने वाला था जबकि प्रिया शर्मा सिरमौर जिले की रहने वाली है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ कर सप्लाई चेन का पता लगाने की कोशिश की तो पता चला कि संदीप शर्मा लंबे समय से नविएल हैरिसन के संपर्क में है और उससे ही नशा लिया था। इसी आधार पर पुलिस की टीमों ने तकनीकी पहलुओं की गहनता से जांच करते हुए नविएल हैरिसन को हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। यहां आरोपी किसी होटल में ठहरा था। सप्लायर की गिरफ्तारी के बाद इस जानलेवा नशे में संलिप्त गिरोहों का भंडाफोड़ हो गया है। अब पुलिस इसकी तस्करी में संलिप्त अन्य लोगों के बारे में भी सबूत जुटाने का प्रयास कर रही है। सप्लायर नविएल हैरिसन और संदीप के बीच व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से ही बातचीत करते थे जिससे कि उनके बीच संबंध स्थापित न हो सके। जांच में यह भी सामने आया है कि संदीप शर्मा नविएल हैरिसन को बदले में कैनाबिस (गांजा) भी उपलब्ध करवाता था। पुलिस मामले की आगामी जांच में मादक पदार्थों की इस तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता के संबंध में भी जांच की जा रही है।
चिट्टा तस्करी में अब तक 144 आरोपी गिरफ्तार
जिला पुलिस ने नशा तस्करों का नेटवर्क तोड़ने के लिए इस साल ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। इसके तहत 77 केस दर्जकर 144 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें कई बड़े नशा तस्करी के सप्लायर भी पकड़े गए हैं। पुलिस ने दूसरे राज्यों से कई बड़े नशे के सप्लायरों को भी सलाखों के पीछे पहुंचाया है। इसमें 14 व्यक्तियों को बाहरी राज्यों जैसे पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, भारत और नेपाल बॉर्डर आदि से बैकवर्ड लिंकेज में गिरफ्तार किया है। इसके अतिरिक्त पीआईटी एनडीपीएस के तहत पिछले 48 दिन में 30 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
एक करोड़ की एलएसडी के मामले में पुलिस ने सप्लायर को हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। नशे के सप्लायर से पूछताछ करके आगामी जांच कर मामले में संलिप्त अन्य लोगों की भी पहचान करके गिरफ्तार किया जाएगा। -अभिषेक, एएसपी शिमला





