बरसात से पहले रास्ता दुरुस्त करने की मांग, ग्रामीणों ने DC से लगाई गुहार

कुल्लू…

जिला कुल्लू की लगघाटी में स्थित पीएम श्री स्कूल भुट्टी और गांव को जाने वाला रास्ता पिछली बरसात में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। हालांकि लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क के पास डंगा लगाया गया है, लेकिन स्कूल और गांव तक जाने वाला पैदल रास्ता अभी भी टूटा हुआ है, जिससे लोगों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस खतरनाक रास्ते के कारण पहले भी एक युवक के सड़क में गिरने से गंभीर हादसा हो चुका है, जिसकी PGI Chandigarh में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके बावजूद अभी तक रास्ते के निर्माण कार्य को शुरू नहीं किया गया है।

इसी समस्या को लेकर ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा से मिलने पहुंचा और उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में शामिल संजीव ठाकुर ने बताया कि विभाग द्वारा लगाया गया डंगा पर्याप्त नहीं है और यहां लगभग 30 फुट डंगा और लगाया जाना जरूरी है, ताकि स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में बच्चे इस रास्ते से स्कूल आते-जाते हैं और वर्तमान स्थिति में कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि आने वाली बरसात से पहले इस रास्ते का निर्माण कार्य जल्द शुरू कर पूरा किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Share the news