
सोलन।
शहर में खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोलानाइट स्नूकर अकादमी द्वारा आयोजित “सीजन-3, 6 रेड एमेच्योर स्नूकर टूर्नामेंट” का समापन रविवार को धूमधाम हुआ। इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 44 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिससे आयोजन में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला।
टूर्नामेंट के आयोजक करण शर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि सोलन में स्नूकर खेल के प्रति युवाओं का रुझान लगातार बढ़ रहा है और इस तरह के आयोजनों से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। प्रतिभागी पूरे जोश और खेल भावना के साथ अपने प्रदर्शन से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में विजेता को 15,000 रुपये, उपविजेता को 7,500 रुपये और प्रत्येक सेमीफाइनलिस्ट को 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा, सर्वाधिक 35 या उससे अधिक का ब्रेक लगाने वाले खिलाड़ी को भी 2,500 रुपये का विशेष पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
आयोजक करण शर्मा ने बताया कि सभी प्रविष्टियां भुगतान के बाद ही सुनिश्चित की गई हैं और प्रतियोगिता पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन किए जाएंगे, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बड़े मंच तक पहुंचाने का अवसर मिल सके।
इस टूर्नामेंट के आयोजन से सोलन में खेल गतिविधियों को नई ऊर्जा मिली है और युवाओं में खेल के प्रति सकारात्मक माहौल बन रहा है।





