
सुंदरनगर: नशे के खिलाफ अभियान के तहत सुंदरनगर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 2 किलो 816 ग्राम चरस के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, सुंदरनगर थाना की टीम उप निरीक्षक दौलत राम की अगुवाई में पंग फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान मुख्य आरक्षी हंसराज, आरक्षी कुलदीप और आरक्षी सतीश के साथ मौजूद थी। इस दौरान मनाली से बिलासपुर की ओर जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही थी।
जांच के दौरान मनाली की ओर से आ रही एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से एक लिफाफा बरामद हुआ, जिसे खोलने पर उसमें चरस पाई गई। वजन करने पर चरस की मात्रा 2 किलो 816 ग्राम पाई गई।
पुलिस पूछताछ में वाहन चालक ने अपनी पहचान विजय कुमार पुत्र धर्म सिंह निवासी गांव सरौण, डाकघर कांगो का गहरा, तहसील सरकाघाट, जिला मंडी (उम्र 36 वर्ष) के रूप में बताई। वहीं, उसके साथ बैठे दूसरे युवक ने अपना नाम सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह निवासी गांव व डाकघर रायकोट, तहसील जगराओं, जिला लुधियाना (उम्र 26 वर्ष) बताया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही इस बात की जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में चरस कहां से लाई गई और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।





