हिमाचल में मौसम फिर बदलेगा: 11 मई से बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। शुक्रवार को भी ऊंचे और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि निचले क्षेत्रों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर नया अपडेट जारी किया है।
राजधानी शिमला समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में सुबह से बादल छाए रहे। IMD के अनुसार शनिवार और रविवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली। मौसम विभाग के मुताबिक 11 मई से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके चलते प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है। 12 और 13 मई को कई इलाकों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है।
लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के अधिकांश शहरों का तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। नाहन में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई, जहां तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री नीचे पहुंच गया।
वहीं शिमला का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस, सुंदरनगर का 30 डिग्री और ऊना का तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मई महीने में अब तक हिमाचल में सामान्य से 26 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। बिलासपुर में सबसे ज्यादा 323 प्रतिशत अतिरिक्त बारिश दर्ज हुई है। इसके अलावा सिरमौर, शिमला, सोलन और मंडी समेत कई जिलों में सामान्य से कहीं अधिक वर्षा हुई है।
लगातार बदलते मौसम से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

Share the news