नगर परिषद नेरचौक निर्वाचन-2026 : भंगरोटू मतदान केंद्र बना महिला मतदान केंद्र

खबर अभी अभी
बल्ह,
16 मई।
महिला सशक्तिकरण तथा महिलाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकाधिक भागीदारी हेतु प्रेरित करने के उद्देश्य से नगर परिषद नेरचौक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत वार्ड नंबर-5 स्थित भंगरोटू मतदान केंद्र को “महिला मतदान केंद्र” के रूप में स्थापित किया गया है।
इस मतदान केंद्र की विशेषता यह है कि यहां निर्वाचन प्रक्रिया के संचालन हेतु प्रेजाइडिंग ऑफिसर सहित सभी पोलिंग ऑफिसर्स के रूप में केवल महिला कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है।
रिटर्निंग ऑफिसर-cum-एसडीएम बल्ह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की प्रशासनिक क्षमता, नेतृत्व कौशल एवं निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा इस प्रकार की पहल समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करती है।
उन्होंने मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपने मताधिकार का निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर प्रयोग करने की अपील भी की।

Share the news