अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को पक्का टैंक नाहन में लगेगा योग शिविर

खबर अभी अभी,
नाहन, 08 जून- जिला सिरमौर में 21 जून, 2026 को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर आज आयुष विभाग द्वारा अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सिरमौर एल.आर.वर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने भाग लिया।
बैठक में एल.आर.वर्मा ने सभी विभागों को आपसी सहयोग से इस आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्रवासियों सहित युवाओं, विद्यार्थियों, एनसीसी, एनएसएस वालंटियर्स तथा अधिकारियों व कर्मचारियों से अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित योग शिविर में भाग लेने का आग्रह किया।
बैठक में जिला आयुष अधिकारी डा. जसप्रीत कौर ने अवगत करवाया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम नाहन स्थित पक्का तालाब मैदान में आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि इस दिन योग शिविर प्रातः 6 से 8 बजे के मध्य आयोजित किया जाएगा। उन्होंने योग शिविर में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने तथा योग क्रिया आरंभ होने से पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने का आग्रह किया।

Share the news