केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व : नड्डा

खबर अभी अभी ,
शिमला। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत आज शिमला के प्रतिष्ठित होटल व्यवसायी श्री संजय ठाकुर से होटल कॉम्बरमेर में भेंट की।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री नड्डा एवं होटल व्यवसायी श्री संजय ठाकुर के बीच शिमला में पर्यटन की संभावनाओं, होटल उद्योग के समक्ष चुनौतियों तथा पर्यटन क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। श्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पर्यटन और बुनियादी ढांचे के विकास को नई गति प्रदान की है, जिसका लाभ हिमाचल प्रदेश सहित पूरे देश को मिल रहा है।
बैठक के दौरान श्री नड्डा ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रकाशित साहित्य भी श्री संजय ठाकुर को भेंट किया। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों में गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, पर्यटन, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे क्षेत्रों में हासिल की गई प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की।

श्री नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों से देश के प्रत्येक वर्ग को लाभ मिला है तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी नीतियों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर सांसद हर्ष महाजन, सुरेश कश्यप, सिकंदर कुमार और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

Share the news