सलोगड़ा-अश्वनी खड्ड मार्ग पर बढ़ेगी पुलिस गश्त, हुड़दंगियों पर होगी सख्त कार्रवाई ,वाटरफॉल के आसपास सड़क पर वाहन खड़े करने वालों पर होगी कार्रवाई

खबार अभी अभी
सोलन:
सलोगड़ा-अश्वनी खड्ड मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक जाम, बाहरी राज्यों से आने वाले कुछ पर्यटकों द्वारा हुड़दंग तथा स्थानीय लोगों के साथ बहस की घटनाओं को लेकर सलोगड़ा एवं मनसार के बीडीसी सदस्य मनीष कुमार ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने पुलिस अधीक्षक/अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोलन को पत्र सौंपकर विशेष रूप से शनिवार और रविवार को पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने का आग्रह किया।

मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सोलन राजकुमार चंदेल ने कहा कि सलोगड़ा-अश्वनी खड्ड मार्ग पर बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। यदि कोई पर्यटक या अन्य व्यक्ति हुड़दंग करता है, स्थानीय लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करता है अथवा कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

उन्होंने पर्यटकों से अपील करते हुए कहा कि वाटरफॉल के आसपास और सड़क किनारे अपने वाहन खड़े न करें, ताकि यातायात सुचारू बना रहे और किसी प्रकार की दुर्घटना या जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

एएसपी राजकुमार चंदेल ने आश्वासन दिया कि सलोगड़ा-अश्वनी खड्ड मार्ग पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वहीं, बीडीसी सदस्य मनीष कुमार ने पुलिस प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई और क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर दिए गए आश्वासन पर आभार व्यक्त किया।

Share the news