
खबर अभी अभी
ज़िला बिलासपुर में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के अपने संकल्प के तहत बिलासपुर पुलिस ने माता श्री नैना देवी मंदिर परिसर में हुई सोने के कंगन छीनने की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चोरी गए आभूषणों की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की है।
दिनांक 28-06-2026 को पुलिस थाना कोट में सूचना प्राप्त हुई कि माता श्री नैना देवी मंदिर में दर्शन के लिए आई एक महिला के हाथों से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा दो सोने के कंगन छीन लिए गए हैं। इस संबंध में पुलिस थाना कोट में स्नैचिंग की संबंधित धाराओं के अंतर्गत अभियोग संख्या 56/26 पंजीकृत कर तुरंत जांच प्रारंभ की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल विशेष जांच टीम गठित की गई। जांच के दौरान घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया। इसके अतिरिक्त घटनास्थल से गुजरने वाले वाहनों का सत्यापन किया गया तथा विभिन्न डिजिटल साक्ष्यों, जिनमें कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) एवं अन्य तकनीकी साक्ष्य शामिल हैं, का वैज्ञानिक ढंग से विश्लेषण किया गया।

गहन एवं तकनीकी जांच के आधार पर यह स्थापित हुआ कि उक्त वारदात एक संगठित गिरोह द्वारा अंजाम दी गई थी। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर दिनांक 02-07-2026 को गिरोह के मुख्य आरोपी हरिन्द्र सिंह पुत्र श्री कुलवन्त सिंह निवासी गांव रोहटी छन्ना डा0 रोटा तै0 नाभा जिला पटियाला को पटियाला से गिरफ्तार कर लिया गया।वारदात में संलिप्त वाहन PB07BM-6001 Swift को भी कब्ज़े में लिया गया है।आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए लगभग ₹6.50 लाख मूल्य के दोनों सोने के कंगन बरामद कर लिए गए हैं।
इस प्रकरण में पुलिस द्वारा चोरी गए आभूषणों की 100 प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की गई है। मामले में आरोपी का चार दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जाँच की जा रही है जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
बिलासपुर पुलिस आमजन की सुरक्षा, कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।





