
30/7/2026
ऊना
खबर अभी अभी
चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने आज चुरूडू-लोहारली पुल का दौरा कर निर्माण कार्य और सड़क से पुल को जोड़ने के अंतिम चरण के कार्यों का निरीक्षण किया।
दौरे के दौरान विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा कि चुरूडू-लोहारली पुल को एक सप्ताह के भीतर वाहनों की आवाजाही के लिए शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को शेष कार्य तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए ताकि क्षेत्र की जनता को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिल सके।
विधायक ने कहा कि पुल के शुरू होने से चिंतपूर्णी, गगरेट और कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्रों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। बरसात के दिनों में लोगों को लंबा रास्ता तय करने की मजबूरी से राहत मिलेगी, जबकि किसानों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों के लिए आवागमन पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जनता से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। चुरूडू-लोहारली पुल शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों को आवागमन, कृषि उपज के परिवहन तथा रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
क्षेत्रवासियों ने पुल को शीघ्र शुरू करने की घोषणा का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि निर्धारित समय के भीतर पुल जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।





