मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में अगस्त भर होंगे राष्ट्रीय सांख्यिकीय सर्वेक्षण, लोगों से सहयोग की अपील

4/8/2026
मंडी
खबर अभी अभी

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (क्षेत्रीय संकार्य प्रभाग), उप क्षेत्रीय कार्यालय मंडी द्वारा अगस्त 2026 के दौरान मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विभिन्न राष्ट्रीय सांख्यिकीय सर्वेक्षण संचालित किए जाएंगे। इन सर्वेक्षणों का उद्देश्य देश की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति से जुड़े विश्वसनीय आंकड़े जुटाना है, ताकि साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि अगस्त माह में आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (PLFS), असंगठित क्षेत्र उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण (ASUSE), राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण (NHIS), प्रवासन सर्वेक्षण, अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण (AIDIS), कृषि परिवारों की स्थिति आकलन सर्वेक्षण (SAS) तथा मूल्य सर्वेक्षण (Price Survey) किए जाएंगे।

इन सर्वेक्षणों के तहत मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों के चयनित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के कनिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी, सर्वे पर्यवेक्षक और प्रगणक घर-घर तथा प्रतिष्ठानों पर जाकर निर्धारित प्रश्नावलियों के माध्यम से जानकारी एकत्र करेंगे। सर्वेक्षण दल के सभी सदस्य विभाग द्वारा जारी अधिकृत पहचान-पत्र साथ रखेंगे।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, मंडी के सहायक निदेशक अमित कुमार ने नागरिकों से अपील की है कि वे सर्वेक्षण दल को सही, पूर्ण और तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों से प्राप्त सभी सूचनाएं पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी और उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। किसी भी व्यक्ति, परिवार या प्रतिष्ठान की जानकारी किसी अन्य विभाग, संस्था या व्यक्ति के साथ साझा नहीं की जाएगी।

उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि सर्वेक्षण दल के घर या प्रतिष्ठान पर पहुंचने पर उनका पूरा सहयोग करें, ताकि देश के विकास, प्रभावी नीति निर्माण और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण सांख्यिकीय आंकड़े उपलब्ध कराए जा सकें।

Share the news