
5/8/2026
कुल्लू
खबर अभी अभी
जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) कुल्लू के जिला ग्रामीण विकास अधिकारी दया राम ठाकुर की अध्यक्षता में वित्तीय समावेशन (Financial Inclusion) विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देना तथा विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जमीनी स्तर तक पहुंचाना रहा।
कार्यशाला के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने वित्तीय साक्षरता कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन्स (CRPs) को अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, लाभ और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की प्रक्रिया से अवगत कराया, ताकि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उद्यान विभाग, कृषि विभाग, अग्रणी जिला बैंक (Lead Bank), जिला उद्योग केंद्र, बाल विकास परियोजना कार्यालय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। स्वास्थ्य एवं वित्तीय योजनाओं से संबंधित विषयों पर डॉ. सुरेश कुमार ने भी महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।
इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) की जिला एवं ब्लॉक स्तरीय टीमों, एरिया कोऑर्डिनेटर, मिशन एग्जीक्यूटिव तथा एमआईएस कार्यालय सहायकों ने भी प्रशिक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि वित्तीय समावेशन का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को बैंकिंग सेवाओं, सरकारी योजनाओं और वित्तीय सुरक्षा से जोड़ना है। इसके लिए वित्तीय साक्षरता और जागरूकता को गांव-गांव तक पहुंचाना आवश्यक है, ताकि समाज का प्रत्येक वर्ग सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सके।







